उत्तराखंड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. ताजा सड़क हादसा पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर हुआ है. जहां द्वारीधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिसमें कार चालक और उसके परिवार के सदस्य घायल हो गए. वहीं, मौके से गुजर रहे पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां पर उनका उपचार किया गया.
जानकारी के मुताबिक, आज यानी 28 जनवरी को पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर द्वारीधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की तरफ जा गिरी. गनीमत रही कि पेड़ होने की वजह से कार रुक गई. इस हादसे में कार चालक, उसकी पत्नी और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद लोगों ने आनन-फानन में हादसे की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी. तभी मौके से पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी गुजर रहे थे. उन्होंने मौके पर भीड़ को देखकर अपना काफिला रोका और घटना की जानकारी ली.
वहीं, जानकारी लेने पर पता चला कि कार हादसे का शिकार हुई है. ऐसे में उन्होंने बिना देरी किए रेस्क्यू शुरू करवाया. साथ ही 108 एंबुलेंस के देरी से पहुंचने के कारण घायलों को अपने वाहन के जरिए जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया. जहां पर उनका उपचार किया गया. बताया जा रहा है कि उपचार के बाद घायलों को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है. कार चालक ने बताया कि स्टीयरिंग लॉक हो जाने के कारण उनकी कार सड़क से नीचे गिर गई थी.