ऋषिकेश में पहाड़ी मूल के लोगों को अपशब्द कहने का मामला, कल बीजेपी का पुतला दहन करेगी कांग्रेस

ऋषिकेश में पहाड़ी मूल के लोगों को अपशब्द कहे जाने और खानपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई फायरिंग के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करने जा रही है. कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर कल यानी 28 जनवरी को बीजेपी सरकार का पुतला दहन करेगी. जबकि, 29 जनवरी को कांग्रेसजन सभी जिला मुख्यालयों में राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि इन दिनों उत्तराखंड में अजीब सा माहौल देखने को मिल रहा है. जिस तरीके से हरिद्वार की खानपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी नेता/पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक के बीच खुलेआम गुंडागर्दी देखने को मिली. वो काफी आश्चर्यचकित करने वाला है. वो ऐसे लोग हैं, जो पूर्व और वर्तमान विधायक हैं. उनके बीच काफी समय से बीच गाली गलौज चलती आ रही है. खानपुर में खुलेआम तमंचे लहराने की घटना को अंजाम देकर सारी सीमाएं लांघ दी गई है. उन्होंने इसे देवभूमि की संस्कृति और शांति के खिलाफ बताया है.

करन माहरा ने आरोप लगाया कि ऐसी घटना को अंजाम देने वाले दोनों लोगों को सरकार का संरक्षण प्राप्त हो रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के राज्य आंदोलनकारियों ने इस राज्य को बनाने के लिए लंबा संघर्ष किया और अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. इतना ही नहीं पर्वतीय क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से कोई ना कोई सेना में देश की सेवा कर रहा है, उसके बावजूद बीजेपी के लोग जिस तरीके से सरेआम पहाड़ी मूल के लोगों को अपशब्द कह रहे हैं, वो राष्ट्र और उत्तराखंड के लिए ठीक नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *