काशीपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर) जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की कक्षा 6 की छात्रा मानवी चौधरी ने स्केटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता बल्कि विद्यालय का नाम भी गौरवान्वित किया है। गोवा के मडगांव में आयोजित ओपन नेशनल लेवल स्केटिंग चैंपियनशिप में मानवी चौधरी ने यह उपलब्धि प्राप्त की। विद्यालय के स्केटिंग कोच अभय एवं गौरव के कुशल निर्देशन और प्रशिक्षण में मानवी ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदकों पर कब्जा जमाया।राष्ट्रीय स्तर पर इस सफलता के बाद मानवी चौधरी का चयन अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इंडोनेशिया में होने वाली स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगी। यह उपलब्धि मानवी के उज्ज्वल भविष्य और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के स्वर्णिम अवसरों के द्वार खोलती है।
मानवी की इस सफलता का श्रेय उसकी निष्ठा, लगन और अथक परिश्रम के साथ-साथ जी डी गोयंका विद्यालय के कोचों द्वारा दिए गए उत्कृष्ट प्रशिक्षण को जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने मानवी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विशेष प्रार्थना सभा में मानवी चौधरी को सम्मानित किया और अन्य विद्यार्थियों को उससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी मानवी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
