उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सचिव बने काशीपुर के मुकेश चावला, समाज में खुशी की लहर

रुद्रपुर । उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन एवं पुनर्संरचना की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस दौरान काशीपुर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पंजाबी समाज के सक्रिय चेहरा मुकेश चावला को महासभा का सचिव नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति से काशीपुर सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के पंजाबी समाज में खुशी का माहौल है।
बैठक में सर्वसम्मति से हरिद्वार के करण मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष, रुद्रपुर के राजकुमार फुटेला को महासचिव, देहरादून के पंकज मैसोन को गढ़वाल अध्यक्ष, रुद्रपुर के हरीश जल्होत्रा को कुमाऊं अध्यक्ष, कोटद्वार के अनिल भोला और गदरपुर के राजेश डाबर को उपाध्यक्ष, देहरादून के पी.एस. कोचर को कोषाध्यक्ष तथा रुड़की के संजय अरोरा और काशीपुर के मुकेश चावला को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंजाबी समाज हमेशा से प्रदेश के विकास और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर संस्कृति संरक्षण, सामाजिक उत्थान और प्रदेश के विकास में अपनी सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि महासभा के पुनर्गठन के प्रयास लंबे समय से चल रहे थे, जो आज सफल हुए हैं। उन्होंने प्रदेश और देश की सेवा में पंजाबी समाज के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष राजीव घई को उनके कार्यकाल में समाज को दी गई सेवाओं के लिए पगड़ी और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। भावुक हुए राजीव घई ने समाज के सभी लोगों का सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री दिनेश मानसेरा, मंजीत सिंह राजू, काशीपुर मेयर दीपक बाली, सुरेंद्र सिंह नामधारी, सुभाष सरीन, दीपक अरोरा, प्रमोद जोहार, डी.एस. मान और राजीव सच्चर सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राहुल बाठला ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *