काशीपुर ( विकास गुप्ता)। काशीपुर की राजनीति में इन दिनों भाजपा के पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल के बेबाक बयानों ने हलचल मचा रखी है। भाजपा नेताओं के खिलाफ खुलकर अपनी बात रखने के बाद राजीव अग्रवाल के बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक ओर भाजपा के भीतर उनके बयानों को लेकर असहजता दिखाई दे रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस को भाजपा पर निशाना साधने का एक नया मुद्दा मिल गया है।
इसी सियासी घटनाक्रम के बीच आज कांग्रेस के युवा नेता लवदीप सिंह अपने युवा साथियों के साथ पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल से मिलने पहुंच गए। मुलाकात को भले ही शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा हो, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल में इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
लवदीप सिंह ने राजीव अग्रवाल के बेबाक अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि राजनीति में सच को सच कहने का साहस हर किसी में नहीं होता। उन्होंने कहा कि राजीव अग्रवाल जिस तरह खुलकर अपनी बात रख रहे हैं, वह राजनीतिक रूप से एक अलग संदेश देता है। लवदीप सिंह के मुताबिक मुलाकात शिष्टाचार के तहत हुई, लेकिन इस दौरान आगामी राजनीति को लेकर भी चर्चा हुई।
अब सवाल यह है कि क्या यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी या फिर काशीपुर की राजनीति में नए सियासी समीकरणों की कोई शुरुआती दस्तक? भाजपा के पूर्व विधायक के बयानों के बीच कांग्रेस के युवा नेता की यह मुलाकात निश्चित रूप से राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे गई है। फिलहाल राजीव अग्रवाल के बयान और लवदीप सिंह की उनसे मुलाकात ने काशीपुर की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।


Leave a Reply