केजरीवाल पर मानहानि का दावा करेगी हरियाणा सरकार, सीएम नायब सैनी बोले- मानसिक संतुलन खो चुके अरविंद

हरियाणा सरकार दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का दावा करेगी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कड़े शब्दों में कहा कि अरविंद केजरीवाल को हरियाणा और दिल्ली की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो हरियाणा सरकार उन पर मानहानि का दावा पेश करेगी.

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि “केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने पानी को दिल्ली आने से रोक दिया, उन्हें पता लगा कि इसमें जहर है”. सीएम नायब सैनी ने अरविंद केजरीवाल से पूछा कि इंजीनियरों ने किस तरह निष्कर्ष निकाला कि इसमें (यमुना में) जहर है? केजरीवाल बताएं कि कौन सा जहर डाला गया? कितने टन जहर डाला गया? फिर बॉर्डर पर पानी को कैसे रोका? कोई दीवार बनाई? कहां बनाई? अगर पानी जहरीला था, तो उस जहरीले पानी से कितनी मछलियां मरी?

सीएम नायब सैनी ने कहा “घटिया और झूठ की राजनीति करने के मामले में अरविंद केजरीवाल का कोई सानी नहीं है. केजरीवाल ने उस माटी का अपमान किया. जहां वो पैदा हुए. हरियाणा के लोग यमुना को पवित्र नदी मानते हैं और इसकी पूजा करते हैं, हरियाणा के लोग भला नदी के पानी में जहर क्यों मिलाएंगे? अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया, तो कभी वोट नहीं मांगूंगा. अब चुनाव में संभावित हार को देखकर केजरीवाल ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है”.

यमुना नदी पर अरविंद केजरीवाल के बयान पर हरियाणा की महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा “ऐसे बयान सुनने के बाद ऐसे नेता को लोगों को हटा देना चाहिए। यह बहुत ही गैरजिम्मेदाराना बयान है और इससे अराजकता फैलने की संभावना है. यमुना का पानी हथिनीकुंड बैराज से वजीराबाद बैराज तक 220 किलोमीटर की दूरी तय करता है. इसमें प्रदूषण का स्तर 2-3 मिलीग्राम/लीटर है, जो शून्य के बराबर है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *