काशीपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को एक दिवसीय काशीपुर भ्रमण के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिडकुल द्वारा निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, सिडकुल हेमपुर नेपा फार्म, काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का अधिकारियों के साथ जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा विभिन्न स्थलों पर पौधरोपण भी किया। फोर लेन स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग काशीपुर-रामनगर एवं काशीपुर बाईपास रिंग रोड के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्री हरीश पंगती ने बताया कि काशीपुर से रामनगर की ओर 18.26 किलोमीटर तक फोर लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी कुल लागत 494.45 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है और भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है तथा सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों से बाईपास परियोजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीडीए के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एएसपी स्वप्न किशोर, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चन्दोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
