समरसता संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, मुख्यमंत्री धामी ने संत रविदास के विचारों को बताया समाज की प्रेरणा

देहरादून/काशीपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ की प्रदेश कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का जीवन भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसने समाज को समानता, मानवता, सामाजिक न्याय और समरसता का मार्ग दिखाया। उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण किया। उनका स्पष्ट संदेश था कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और विचारों से होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संत रविदास जी के समरसता और अंत्योदय के विचारों को व्यवहार में उतारते हुए आगे बढ़ रही है। स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक बिना किसी भेदभाव के विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी अंत्योदय को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए कार्य कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए पारदर्शी रोजगार व्यवस्था तथा जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाया जाए। गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले और घर-घर पहुंचकर चौपालों, संवाद कार्यक्रमों और जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक बंधुत्व के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। वहीं काशीपुर जिले की भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं ‘समरसता संकल्प अभियान’ की जिला संयोजक सृष्टि आहूजा बंसल भी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है और जिले में भी इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *