रामनगर-देहरादून के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार खत्म, 18 जुलाई से दौड़ेगी सीधी रेल सेवा, जानिए क्या रहेगा समय..

काशीपुर।( विकास गुप्ता )क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन का फैसला किया है। इस नई रेल सेवा का शुभारंभ 18 जुलाई 2026 को 05014 रामनगर-देहरादून उद्घाटन विशेष ट्रेन के संचालन के साथ होगा। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन 18 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे रामनगर से रवाना होगी। यह ट्रेन 12:35 बजे काशीपुर, 12:57 बजे रोशनपुर, 1:12 बजे पीपलसाना, 2:05 बजे मुरादाबाद, 3:40 बजे नजीबाबाद और 5:40 बजे हरिद्वार से होकर रात्रि 8:15 बजे देहरादून पहुंचेगी। नई रेल सेवा शुरू होने से काशीपुर, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को देहरादून तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और सरकारी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेजयान, तीन सामान्य द्वितीय श्रेणी, तीन शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3AC), एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (2AC), एक वातानुकूलित कुर्सीयान (CC), चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेगा। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। लंबे समय से इस मार्ग पर सीधी ट्रेन की मांग की जा रही थी, जिसे अब रेलवे ने पूरा कर दिया है। यात्रियों में इस नई सेवा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *