देहरादून/ जसपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर) फाटो डैम क्षेत्र में प्रस्तावित एनिमल सफारी परियोजना के प्रथम गेट उद्घाटन को लेकर नया विवाद सामने आया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिस परियोजना के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे, उसी के उद्घाटन कार्यक्रम की उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई।
उन्होंने बताया कि आज गेट को खोले जाने का कार्यक्रम संपन्न कराया गया, जबकि उनके अनुसार एनिमल सफारी को फाटो डैम क्षेत्र में स्थापित कराने के लिए उन्होंने केंद्र और राज्य स्तर पर लगातार पहल की थी और विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया था। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उनसे कार्यक्रम में अनुपस्थिति का कारण पूछा, तब उन्हें पता चला कि न तो संबंधित विभाग से और न ही आयोजकों की ओर से उन्हें आमंत्रण भेजा गया।
रुहेला ने कहा कि उनके प्रयासों के बाद ही परियोजना की प्रक्रिया तेज हुई और अब सफारी हेतु प्रवेश द्वार खोला गया है। फिलहाल प्रेस को जारी उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है कि यह केवल सूचना का अभाव था या इसके पीछे जसपुर की अंदरूनी राजनीतिक कारण है।
