काशीपुर (सिटी न्यूज काशीपुर)। शहर में बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कोतवाली क्षेत्र की बासफोड़ान और प्रतापपुर चौकियों में व्यापक अभियान चलाया। इस अचानक चले सत्यापन अभियान से इलाके में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 61 लोगों का सत्यापन किया। जांच में नियमों की अनदेखी सामने आने पर पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत 5 व्यक्तियों के नगद चालान किए गए। वहीं किरायेदार सत्यापन न कराने वाले 7 मकान मालिकों पर धारा 83 के तहत 10-10 हजार रुपये के चालान काटे गए, जिससे कुल जुर्माना 70 हजार रुपये हुआ।
पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू सहायकों और निर्माण श्रमिकों का सत्यापन अनिवार्य है। सत्यापन न कराने पर संबंधित व्यक्ति या मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मकान मालिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के स्वामियों, ठेकेदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने या काम करने वाले सभी बाहरी लोगों का तुरंत सत्यापन कराएं, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
