काशीपुर(सिटी न्यूज काशीपुर)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा “सिल्ट एवं मलबा हटाने का विशेष अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान कल यानी 12 मार्च 2026 को प्रातः 8 बजे वार्ड नंबर-11 स्थित शिव मंदिर ढकिया गुलाबो क्षेत्र की सड़कों पर शुरू किया जाएगा।
अभियान के तहत सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा सिल्ट व मलबे को हटाने का व्यापक कार्य किया जाएगा, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सके और शहर में स्वच्छता बनी रहे।
इस दौरान नगर निगम की टीम “निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) मलबे के उचित परिवहन और निस्तारण” को लेकर भी नागरिकों को जागरूक करेगी। लोगों से अपील की जाएगी कि वे निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे को सड़कों या नालियों में न डालें और उसे निर्धारित स्थान तक ले जाने के लिए अधिकृत वाहनों का ही उपयोग करें।
नगर निगम की टीम विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य करते हुए लोगों को मलबा इधर-उधर न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित भी करेगी।
नगर निगम काशीपुर ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी नागरिक स्वच्छ काशीपुर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं और मलबे के उचित परिवहन एवं निस्तारण के नियमों का पालन करें।
