
काशीपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर) काशीपुर की सड़कों पर यदि आप छबील लगाकर राहगीरों को शरबत अथवा जलपान कराकर पुण्य लाभ कमाने की सोच रहे तो ठहरिए, कही ये समाज सेवा आप पर भारी न पड़ जाए। सड़क किनारे लगने वाली छबील को लेकर काशीपुर पुलिस ने काशीपुर की जनता के लिए फरमान जारी किया है। काशीपुर पुलिस ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से सर्व साधारण को सूचित किया है कि वर्तमान में गर्मी के मौसम के दृष्टिगत आम जनमानस द्वारा सड़क किनारे जगह-जगह पर जलपान की व्यवस्था एवं छबील लगाये जा रहे हैं जिस कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है जिससे सड़क मार्ग पर चलने वाले अति आवश्यक सेवाओं एम्बुलेंस , गर्भवती महिलाएं , बीमार व्यक्तियो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।
उक्त समस्या के समाधान हेतु मीडिया के माध्यम से समस्त जनमानस को सूचित किया जाता है कि थाना काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत सड़क किनारे जलपान या छबील लगाए जाने से पूर्व पुलिस को सूचित करना सुनिश्चित करेंगे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके । यदि किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचित किये बिना सड़क किनारे छबील लगाकर यातायात व्यवस्था बाधित करते हुए पाया जाता है तो नियमानुसार विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी