जब मेहनत ने पहना सम्मान का ताज, केडीएफ गौरव सम्मान में होनहारों के सपनों को मिले पंख, काशीपुर ने बजाई ताली

“शिक्षा का उत्सव, काशीपुर का गर्व – KDF गौरव सम्मान में 115 मेधावी छात्रों हुए सम्मानित”

काशीपुर (सिटी न्यूज काशीपुर)।गौरव और प्रेरणा से परिपूर्ण माहौल, बच्चों की चमकती मुस्कानें, और शिक्षा को सम्मान देने का एक ऐतिहासिक क्षण “केडीएफ गौरव सम्मान  2025” कार्यक्रम ने काशीपुर की मिट्टी में ज्ञान और संस्कार की नई पहचान रच दी। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) द्वारा गन्ना संस्थान प्रेक्षागृह में आयोजित इस भव्य समारोह में नगर के 27 प्रमुख विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 115 मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा रत्न, “विद्या गौरव” तथा “बुद्धि सम्मान” से सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मंच से कहा “काशीपुर के इन होनहारों ने यह सिद्ध किया है कि मेहनत, समर्पण और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं। यह सिर्फ सम्मान नहीं, एक नई ऊर्जा है जो इन युवाओं को भविष्य के भारत का नेतृत्व करने के लिए तैयार करती है।” विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद काशीपुर की प्रथम महिला श्रीमती उर्वशी बाली ने छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शहर के अनेक प्रतिष्ठित गणमान्य जनों ने भी उपस्थिति दर्ज की, कार्यक्रम में आलोक सिंहल (प्रबंध निदेशक, इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड), योगेश जिंदल, पवन अग्रवाल (अध्यक्ष, के.जी.सी.सी.आई), श्रीमती साधना जिंदल, डॉ. एस.पी. गुप्ता, डॉ. अरविंद शर्मा, श्री मधुप मिश्रा, चक्रेश जैन, कुलभूषण गर्ग, विनीत रावल, योगराज सिंह, श्रीमती रेखा सिंह, राकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।


कार्यक्रम में जहां व्यक्तिगत छात्रों को सम्मानित किया गया, वहीं तीन प्रमुख विद्यालयों — गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, विज़न वैली स्कूल एवं तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर को “श्रेष्ठ शैक्षणिक संस्था” के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं, लिटिल स्कॉलर स्कूल एवं शिवालिक होली माउंट अकैडमी को “All-Rounder School Award” प्रदान किया गया — उनकी बहुआयामी उपलब्धियों के लिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए KDF अध्यक्ष राजीव घई ने कहा: “यह सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि एक सामूहिक प्रेरणा है – जो विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और सामाजिक दायित्व की ओर उन्मुख करती है।” कार्यक्रम का संचालन विवेक चौधरी ने कुशलता से किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन केडीएफ उपाध्यक्ष द्वारा किया गया।
इस प्रेरणास्पद आयोजन के मुख्य संयोजक चक्रेश जैन एवं  बसंत पन्त रहे, जिनके निर्देशन में कार्यक्रम की हर बारीकी को खूबसूरती से अंजाम दिया गया।

भावुक हुए अभिभावक, गर्व से निहारे गए मंच:

अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सैकड़ों की संख्या में उपस्थिति ने माहौल को एक सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया। छात्रों की मुस्कानें, तालियों की गूंज और मंच पर बिखरे गर्व के पल – सबने यह सिद्ध किया कि काशीपुर की प्रतिभा अब सीमाओं से परे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *