स्वच्छता की जंग: 2026 में नंबर-1 बनने उतरा काशीपुर, सालभर चलेगा जन-आंदोलन, मेयर का नंबर वन आने को लेकर संकल्प अब धरातल पर, काशीपुर, विकास गुप्ता की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट पढ़िए

काशीपुर। (विकास गुप्ता) स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 में काशीपुर को देश के अव्वल शहरों की कतार में खड़ा करने के संकल्प के साथ नगर निगम काशीपुर ने आज एक ऐतिहासिक और दूरगामी स्वच्छता अभियान का आगाज़ कर दिया। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक वर्ष भर चलने वाले स्वच्छता जागरूकता महाअभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर मेयर दीपक बाली, मुख्य नगर आयुक्त रवींद्र बिष्ट, भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, मुक्ता सिंह, राहुल पैगिया समेत बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष कैलेंडर का विधिवत लोकार्पण किया गया, जिसमें पूरे वर्ष होने वाले कार्यक्रमों की स्पष्ट रूपरेखा तय की गई है।


संचार-सूचना-क्षमता निर्माण: स्वच्छता की नई त्रिशक्ति
इस महाअभियान को आईआईसी (IIC) कार्यक्रम के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके तीन मजबूत स्तंभ होंगे—
संचार, सूचना और क्षमता निर्माण।
इन तीनों के समन्वय से काशीपुर के हर नागरिक तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
बच्चों से बुजुर्गों तक, हर वर्ग को जोड़ेगा अभियान
आज कैलेंडर वितरण के साथ अभियान की शुरुआत की गई।
जनता को प्रेरित करने के लिए शॉर्ट अवेयरनेस वीडियो तैयार कर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किए जाएंगे।
1 फरवरी से स्कूलों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां बच्चों के साथ मिलकर स्वच्छता क्लब बनाए जाएंगे। बच्चों के लिए चार पेज की विशेष कॉमिक्स तैयार की जाएगी, ताकि स्वच्छता का संदेश रोचक तरीके से पहुंचे।
नुक्कड़ नाटक, रैलियां और शिविर—शहर बनेगा रंगमंच
पूरे काशीपुर में 60 हाई-ट्रैफिक मार्गों पर बैक-लिट इलेक्ट्रिक पोल कियोस्क लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड और प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे, जिनकी शुरुआत 17 जनवरी से होगी।
स्वच्छता को लेकर लगातार नागरिक रैलियां निकाली जाएंगी।
होली के बाद नागरिक जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें सक्रिय भूमिका निभाने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
समुदाय से शक्ति—स्वच्छता साथी और स्वच्छता सखी
समुदाय स्वच्छता साथी कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वच्छता का ब्रांड एम्बेसडर बनाया जाएगा। वहीं स्वच्छता सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 80 से अधिक यूजर चार्ज वसूली से जुड़ी महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतियोगिताएं, पुरस्कार और तकनीकी निगरानी
कॉलेज व शहर स्तर पर थीम आधारित ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनके विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके साथ ही ICCC नियंत्रण कक्ष का निर्माण पूर्ण कर उसके माध्यम से पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी।
मेयर दीपक बाली का ऐलान
मेयर दीपक बाली ने कहा—“भोपाल, इंदौर और सूरत की तरह काशीपुर में भी स्वच्छता को जन-जन की आदत बनाया जाएगा। नगर निगम काशीपुर का हर कर्मचारी, हर जनप्रतिनिधि, हर नागरिक इस अभियान का हिस्सा बनेगा। हम काशीपुर के एक-एक घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *