पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, जहर मिली शराब पिलाकर पति को मार नहर में फेंका शव

काशीपुर ( सिटी न्यूज काशीपुर)।काशीपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते का कांटा समझा और उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पत्नी ने पहले प्रेमी से जहर और शराब मंगवाई, फिर पति को जहर मिली शराब पिलाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को कार में रखकर तुमड़िया डैम से निकलने वाली बड़ी नहर में फेंक दिया।

मामले का खुलासा काशीपुर आईटीआई पुलिस ने महज 36 घंटों में कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी गुड्डी और उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव की बरामदगी के लिए पुलिस और SDRF की टीम नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को चन्द्रवती पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद निवासी खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला थाना स्वार रामपुर ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र कुलवन्त सिंह 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी के पास ग्राम वांसखेड़ा थाना काशीपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पूछताछ पर बहू गुड्डी लगातार भ्रामक जानकारी देती रही।

स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि 25 अप्रैल को पति-पत्नी में विवाद हुआ था, जिसके बाद कुलवन्त लापता हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो सर्विलांस में आरोपी महिला और उसके प्रेमी की लोकेशन घटना के समय एक ही स्थान पर मिली।

कड़ाई से पूछताछ में गुड्डी टूट गई और उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पति शराब पीने का आदी था और उसका उत्पीड़न करता था। इसी वजह से उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर आईटीआई पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *