
काशीपुर/देहरादून।(सिटी न्यूज काशीपुर) काशीपुर की जनता से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने शनिवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे।
पहला ज्ञापन काशीपुर बस अड्डे के स्थानांतरण को लेकर दिया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि 5 दिसंबर 2023 से लेकर 30 जून 2025 तक विभागीय स्तर पर कई बार पत्राचार हुआ, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है। जनता को स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही, जिसके कारण यात्रियों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे ज्ञापन में विधायक चीमा ने मुरादाबाद–रामनगर रेलवे लाइन के LC No. 39B (NH-74) पर दो-लेन ROB निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को 2016 में मंजूरी मिल चुकी थी और 2019 में कार्य प्रारंभ करने का आदेश भी जारी हो गया था। लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और देरी के कारण काम अधर में लटका हुआ है।
चीमा ने कहा कि इस देरी से आम जनता और व्यापारी वर्ग दोनों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। आवागमन बाधित होने से दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि ठेकेदार पर सख्त कार्यवाही की जाए और आरवी निर्माण का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए।