
काशीपुर।(तनीषा गुप्ता) दशकों से बरसात का नाम आते ही काशीपुर के व्यापारी पानी से डूबी दुकानों और करोड़ों के नुकसान की पीड़ा झेलने को मजबूर हो जाते थे। लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल गई। पहली बार बारिश के मौसम में व्यापारियों की आँखों में चिंता नहीं, बल्कि संतोष और कृतज्ञता की चमक दिखाई दी। वजह थे काशीपुर के महापौर दीपक बाली। महापौर की जुझारू कार्यशैली और अथक प्रयासों के चलते इस साल शहर में जलभराव की समस्या जड़ से खत्म हो गई। नाले-नालियों की सफाई की कमान उन्होंने खुद संभाली और कई-कई रातें खड़े रहकर कार्य करवाया। नतीजा यह हुआ कि जहाँ पहले दुकानों में पानी भरकर करोड़ों की क्षति कर जाता था, वहीं इस बार व्यापारी निश्चिंत होकर कारोबार करते रहे। नगर निगम कार्यालय में व्यापारियों का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने महापौर का जोरदार स्वागत कर कहा—“काशीपुर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि बारिश ने नुकसान नहीं पहुँचाया, बल्कि राहत दी। यह सब महापौर दीपक बाली की दूरदर्शी सोच और कड़ी मेहनत का परिणाम है।” महापौर ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि अगले वर्ष तक शहर को जलभराव से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि जिन दुकानों के सामने नालियों पर पक्की स्लैब डाली गई है, वहाँ फोल्डिंग जाल लगाकर नगर निगम की टीम को सहयोग दें, ताकि सफाई में कोई रुकावट न हो। व्यापारियों ने महापौर को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। नगर निगम क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की भी व्यापारियों ने जमकर सराहना की। महापौर का अभिनंदन करने वालों में महेंद्र खुराना, राजीव सेतिया, पूर्व पार्षद राजू सेठी, मुकेश पाहवा, पंकज छाबड़ा, दीपक गुलाटी, राजीव परनामी, सचिन चुघ, जगदीश सेठी, प्रदीप चावला, जयप्रकाश शर्मा, ललित बाली, मनीष जैन, रोहित भटनागर, राजकुमार यादव, शिवम अरोरा, मनोज शर्मा, जयप्रकाश अरोरा, नितिन अरोरा सहित दर्जनों व्यापारी शामिल रहे।