अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के गुरु कहे जाने वाले सुभाष ठाकुर को 5 साल बाद वाराणसी से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल भेज दिया गया है. सुभाष ठाकुर बीएचयू अस्पताल में भर्ती था. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने संज्ञान में लेते हुए 12 डॉक्टरों की टीम का गठन किया और सुभाष ठाकुर के स्वास्थ्य की जांच कराई. जांच में माफिया के स्वस्थ होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया. सोमवार रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच माफिया सुभाष ठाकुर को फतेहगढ़ जेल भेज दिया गया. वहां वह आजीवन कारावास की सजा काटेगा.
बता दें, माफिया सुभाष ठाकुर 2019 में आंख में इन्फेक्शन, गुर्दे और पेट की बीमारी का हवाला देकर बीएचयू अस्पताल में भर्ती हुआ था. वहां पिछले 5 साल से अस्पताल में रहकर इलाज करा रहा था. कई बार पत्राचार भी हुआ, लेकिन उसे जेल नहीं भेजा जा सका था. इसके बाद डीजी जेल ने इसे गंभीरता से लेते हुए 12 डॉक्टरों की एक टीम का गठन किया. इसके बाद उसके सेहत की जांच कराई गई, जिसमें वह स्वस्थ मिला. इसके बाद सोमवार रात उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर जेल भेजा गया.
सूत्रों की मानें तो जेल भेजने के दौरान वह खुद के बीमार होने की बात कर रहा था. हालांकि पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे जेल के लिए रवाना कर दिया. जेल जाते समय का एक वीडियो भी उसका सोशल मीडिया पर दिखायी दे रहा है, जिसमें वह सफेद दाढ़ी और सफेद कपड़ों में अस्पताल से बाहर आते हुए हाथ जोड़कर अभिनंदन करते हुए नजर आ रहा है.