क्या इस बार पुराने रूट से गुजरेंगे काशीपुर के कांवड़िए? पढ़िए, क्या रहने वाला है रूट!

काशीपुर। आगामी 15 फरवरी को शिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों का सिलसिला तेज़ हो चुका है। संभावना जताई जा रही है कि 11 फरवरी की रात से कांवड़िए काशीपुर नगर सीमा में प्रवेश करना शुरू कर देंगे। ऐसे में इस बार काशीपुर में कांवड़ यात्रा के रूट को लेकर पुलिस और प्रशासन एक बार फिर पुराने मार्ग को लागू करने पर विचार कर रहा है।
यदि रेलवे विभाग से अनुमति मिल जाती है, तो कांवड़िए पूर्व की भांति एमपी चौक से प्रिया मॉल के सामने से होते हुए बाजपुर रोड की ओर प्रस्थान करेंगे। पहले कांवड़िए गंगे बाबा से नगर में प्रवेश कर रतन सिनेमा मार्ग होते हुए एमपी चौक से सीधे बाजपुर रोड की ओर जाते थे।
हालांकि बीते कुछ वर्षों में फ्लाईओवर निर्माण के चलते प्रशासन को रूट में बदलाव करना पड़ा था। उस दौरान कांवड़ियों को एमपी चौक से रामलीला मैदान, ज्ञानार्थी चौक और पटेल नगर मार्ग होते हुए बाजपुर रोड भेजा गया, जिससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। इस बदलाव से कांवड़ियों को असुविधा भी झेलनी पड़ी।
अब जबकि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, ऐसे में कांवड़ियों और स्थानीय लोगों की ओर से एक बार फिर पुराने, सुविधाजनक रूट को बहाल करने की मांग उठने लगी है।
इस संबंध में कोतवाल हरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि रेलवे विभाग से अनुमति मांगी जाएगी।
उन्होंने कहा, “अनुमति मिलने की स्थिति में कांवड़ यात्रा के लिए पूर्व की तरह ही रूट लागू किया जाएगा।”
प्रशासन के अंतिम निर्णय पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं, जिससे कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *