
काशीपुर/रुद्रपुर (सिटी न्यूज काशीपुर)। त्योहारों से ठीक पहले उधमसिंह नगर जिलाधिकारी उद्यमसिंह नगर के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंची टीम ने खाद्य सामग्री की जांच की और कई जगह अनियमितताएँ पकड़ीं। आरएस कटायत के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में रुद्रपुर से दो ब्रांडेड चिप्स के नमूने, जबकि काशीपुर से दूध, घी, पनीर और खोया सहित 6 नमूने जांच हेतु भेजे गए। जांच टीम ने एक दुग्ध डेयरी को एक्सपायर लाइसेंस पर संचालन करते पाए जाने पर नोटिस थमा दिया। अधिकारियों ने दुकानदारों व प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी दी कि कोई भी कारोबारी बिना पंजीकरण/लाइसेंस के खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण या विक्रय न करे। साथ ही निर्देश दिया गया कि हर प्रतिष्ठान पर एफएसएसएआई नंबर और लाइसेंस स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनता से अपील की है कि वे खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय हमेशा एफएसएसएआई नंबर और लाइसेंस की जांच करें। किसी भी तरह की शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 18001804246 पर संपर्क कर सकते हैं।