काशीपुर (सिटी न्यूज काशीपुर)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के विद्यार्थियों ने नवाचार के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। छात्र टीम “स्क्रैप मास्टर” के सदस्य अनान्ही एवं सिद्दाक सिंह ने द्वारा आयोजित Innoviz 2.0 x Avishkaar 5.0 प्रतियोगिता में अपने अभिनव प्रोजेक्ट “Smart Dustbin Solutions” के लिए Best Innovation श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नवाचार, तकनीकी सोच और सामाजिक समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया “स्मार्ट डस्टबिन सॉल्यूशंस” प्रोजेक्ट स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है। यह प्रोजेक्ट कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी और स्मार्ट बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को नई सोच, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के लिए प्रेरित करती हैं।
