काशीपुर। (सिटी न्यूज काशीपुर) लंबे इंतजार के बाद आखिरकार काशीपुर व्यापार प्रतिनिधि मंडल चुनाव का बिगुल बज गया। आज व्यापार मंडल के कुमायूं प्रभारी अश्वनी छाबड़ा, जिलाध्यक्ष सत्यवान गर्ग, निकेश अग्रवाल और दिलप्रीत सेठी ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता कर चुनावों का औपचारिक आगाज किया। इस दौरान टीम प्रभात साहनी को भंग कर उसे कार्यवाहक टीम घोषित किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि इस बार व्यापार मंडल की सदस्य संख्या को 5000 तक सीमित रखा जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान अश्वनी छाबड़ा ने बताया कि आगामी चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सत्यवान गर्ग को दी गई है, जबकि नीकेश अग्रवाल उनके सहयोगी अधिकारी होंगे। जल्द ही अन्य चुनाव अधिकारियों की घोषणा की जाएगी। जिलाध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि दीवाली के बाद सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसकी सदस्यता शुल्क ₹250 निर्धारित की गई है। यह अभियान तीन माह तक चलेगा, जिसके उपरांत चुनाव की तिथि की घोषणा की जाएगी।
✳️ प्रभात साहनी व जतिन नरूला उतरेंगे फिर मैदान में!
चुनाव की घोषणा होते ही शहर के व्यापारिक गलियारों में उत्साह और हलचल दोनों बढ़ गई हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष प्रभात साहनी और वरिष्ठ व्यापारी नेता जतिन नरूला ने एक बार फिर मैदान में उतरने के संकेत दिए हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 के चुनाव में प्रभात साहनी ने वरुण अग्रवाल को हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। तब से अब तक व्यापार मंडल का संचालन उनके नेतृत्व में हो रहा है।
चुनावों के ऐलान के साथ ही व्यापारी वर्ग में नई ऊर्जा और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हर गली-मोहल्ले में अब यही चर्चा है कि इस बार व्यापार मंडल की कमान किसके हाथ जाएगी।